रायपुर 18 सितंबर । खलिन जोशी ने बोगी-मुक्त तीन-अंडर 31 का स्कोर बनाकर छत्तीसगढ़ के नया रायपुर स्थित फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिजॉर्ट में एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वाला पहला एसईसीएल प्रेजेंट्स नवा रायपुर ओपन 2026 एक शॉट के अंतर से जीत लिया। उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने विजेता खिलाड़ियाें काे पुरस्कार प्रदान किया और सभी प्रतिभागियों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
एक शॉट की बढ़त के साथ अंतिम राउंड में उतरे बेंगलुरु के 34 वर्षीय जोशी (29-30-33-31) ने नौ होल के अपने राउंड में तीसरे से पांचवें होल तक लगातार तीन बर्डी लगाईं। उन्होंने 13-अंडर 123 के कुल स्कोर के साथ खिताब अपने नाम किया । अप्रैल में आंध्र ओपन और अगस्त में जम्मू-कश्मीर ओपन जीतने वाले जोशी का यह सत्र का तीसरा और डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई पर कुल नौवाँ खिताब रहा।
डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन गोल्फ टूर्नामेंट-2026 के पुरस्कार वितरण समारोह में उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने शुक्रवार काे कहा कि नवा रायपुर का वर्ल्ड क्लास फेयरवे गोल्फ एंड कंट्री क्लब छत्तीसगढ़ में गोल्फ के बढ़ते आकर्षण और विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं की पहचान बन रहा है। श्री साव ने प्रतियोगिता के विजेता खलिन एच. जोशी सहित उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए और सभी प्रतिभागियों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि प्रदेश में इस तरह के बड़े और अंतरराष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंटों का आयोजन यहां की खेल संभावनाओं को नई दिशा देता है। ऐसे आयोजन छत्तीसगढ़ की गोल्फ प्रतिभाओं के लिए बड़े मंच का काम करते हैं। देश-दुनिया के बेहतरीन खिलाड़ियों की मौजूदगी में होने वाली प्रतियोगिताओं से स्थानीय खिलाड़ियों को उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिलता है और उन्हें अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाने की प्रेरणा मिलती है।
श्री साव ने डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन के सफल आयोजन के लिए पीजीटीआई अध्यक्ष श्री कपिल देव और उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख खेल आयोजनों के मानचित्र पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। छत्तीसगढ़ में खेलों के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने के ऐसे प्रयास लगातार जारी रहेंगे। प्रदेश में आधुनिक खेल अधोसंरचना का विस्तार कर खिलाड़ियों के लिए ऐसे अवसर तैयार किए जाएंगे, जहां वे अपनी प्रतिभा को निखारकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर सकें।
चौहान, कुकर और पटेल संयुक्त उपविजेता
महू के ओम प्रकाश चौहान ने अंतिम दौर में पांच-अंडर 29 का स्कोर किया। उनके दौर में पार-5 चौथे होल पर ईगल के साथ तीन बर्डी शामिल थीं। चौहान कुल 12-अंडर 124 के स्कोर के साथ संयुक्त उपविजेता रहे।
पंचकुला के रौनिल कुकर और अहमदाबाद के अंशुल पटेल भी 12-अंडर 124 के स्कोर के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर रहे। तीनों खिलाड़ियों को 6,99,867 रुपये की पुरस्कार राशि मिली।
चौहान ने रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में अपना आठवां स्थान मजबूत किया। कुकर 8,93,660 रुपये की कमाई के साथ ऑर्डर ऑफ मेरिट में 102वें से 54वें स्थान पर पहुंचे, जबकि पटेल 10,24,442 रुपये की कमाई के साथ 84वें से 47वें स्थान पर पहुंच गए। दोनों ने शीर्ष 60 में जगह बनाकर अगले सत्र के लिए अपना खेलने का अधिकार सुरक्षित कर लिया।
कोलकाता के दिव्यांशु बजाज, दिल्ली के प्रितिश सिंह करायत और चंडीगढ़ के अंगद चीमा 11-अंडर 125 के स्कोर के साथ संयुक्त पांचवें स्थान पर रहे।
आत्मविश्वास को बताया सफलता की वजह
मौजूदा सत्र में अपनी तीन जीत के बारे में जोशी ने कहा कि उनके खेल में आत्मविश्वास बढ़ा है और अब वह वर्तमान पर अधिक ध्यान केंद्रित करते हैं। उन्होंने कहा कि पेशेवर गोल्फ में 14 सत्र पूरे करने के दौरान उनकी मानसिकता में बड़ा बदलाव नहीं आया है, लेकिन अब वह अधिक आत्मविश्वासी खिलाड़ी बन गए हैं।
जोशी अब अपने बचपन के घरेलू कोर्स कर्नाटक गोल्फ एसोसिएशन में अगला टूर्नामेंट खेलेंगे। उन्होंने बताया कि वह सात सप्ताह से घर नहीं गए हैं और बेंगलुरु लौटने को लेकर उत्साहित हैं। वह चार वर्ष की उम्र से केजीए से जुड़े हैं। अगले सप्ताह उनकी गर्लफ्रेंड उनकी कैडी की भूमिका निभाएंगी।
नवा रायपुर ओपन की जीत से जोशी की दिल्ली गोल्फ क्लब में होने वाली डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप से पहले स्थिति मजबूत हुई है। वर्ष 2018 में पैनासोनिक ओपन इंडिया के रूप में अपना पहला एशियन टूर खिताब भी जोशी ने दिल्ली गोल्फ क्लब में ही जीता था।