कटनी में बिहार के दो व्यापारियों से 6.70 लाख की लूट, तीन पारधी आरोपित नामजद

Share

कटनी, 26 सितंबर । जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र में बिहार के पटना से आए दो व्यापारियों के साथ मारपीट कर 6 लाख 70 हजार रुपये नकद और महत्वपूर्ण दस्तावेज लूटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि व्यापारियों को लालच देकर कटनी बुलाया गया और सुनसान रास्ते पर हथियार एवं बल के दम पर वारदात को अंजाम दिया गया। पीड़ित की शिकायत पर बड़वारा थाना पुलिस ने तीन नामजद आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी सुयश पांडे के अनुसार, पीड़ित व्यापारी बीरेन्द्र कुमार महतो (52) और उनके साथी मुकेश कुमार शाह (35) बिहार के पटना जिले के रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र के ईष्ट लक्ष्मीनगर, खेमनीचक के निवासी हैं। बताया गया है कि कटनी जिले के बरही थाना क्षेत्र के ग्राम छिंदियाटोला (बिचपुरा) निवासी कुछ लोगों ने दोनों व्यापारियों को किसी व्यापारिक सौदे, सामान अथवा अन्य लालच का झांसा देकर बिहार से कटनी बुलाया था।

पुलिस के अनुसार, घटना 16 सितंबर 2026 की सुबह करीब 9 बजे की है। दोनों व्यापारी बरही की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बड़वारा थाना क्षेत्र में ग्राम सुड्डी के आगे मुख्य मार्ग के किनारे सुनसान स्थान पर आरोपितों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि पूर्व नियोजित तरीके से दोनों व्यापारियों के साथ मारपीट की गई। आरोपितों ने लात-घूंसों से हमला करने के बाद जान से मारने की धमकी दी और उनके पास रखे 6 लाख 70 हजार रुपये नकद के साथ आवश्यक व्यक्तिगत एवं व्यापारिक दस्तावेज छीन लिए। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।

पीड़ित व्यापारी बीरेन्द्र कुमार महतो की शिकायत और पुलिस जांच के आधार पर बरही थाना क्षेत्र के ग्राम छिंदियाटोला बिचपुरा निवासी राजू पारधी, सोना पारधी और काबिस पारधी को नामजद किया गया है। पुलिस ने करीब 10 दिन की जांच और पीड़ित के बयान के बाद मामले में अपराध दर्ज किया है। बड़वारा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 571/26 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है।

पुलिस के अनुसार, मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3), 140(4), 143(3), 309(4), 309(6), 311, 351(3) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। इनमें अपहरण अथवा बंधक बनाने, गैर-कानूनी जमाव एवं साजिश, लूट-डकैती के दौरान चोट पहुंचाने, संगठित अपराध या लूट की नीयत, जान से मारने की धमकी तथा सामान्य आशय से अपराध करने से संबंधित प्रावधान शामिल हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए कटनी पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बड़वारा और बरही थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई है। पुलिस टीम आरोपितों के संभावित ठिकानों और छिंदियाटोला क्षेत्र में लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर लूटी गई नकदी और दस्तावेज बरामद करने की कार्रवाई की जाएगी।