खूंटी, 25 सितंबर । तोरपा प्रखंड के अम्मापकना स्थित सरस्वती शिशु मंदिर परिसर और मेन रोड स्थित मंदिर परिसर में शुक्रवार को ‘नमोमि भारतम’ कार्यक्रम के तहत संपूर्ण वंदे मातरम् के सामूहिक गायन का आयोजन किया गया। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ स्थानीय लोगों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय और भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का गायन किया। आयोजन वंदे मातरम् गीत के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के संरक्षक पहलवान सिंह ने वंदे मातरम् के इतिहास और उसके महत्व की जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए रामानंद साहू ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के प्रति लोगों में सम्मान और जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन राष्ट्रीय भावना और देशभक्ति को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय समिति के अध्यक्ष रूपचंद साहू, सचिव हरि शंकर साहू, हरि प्रसाद, आचार्य दिगंबर कुमार, सुनीता भेंगरा, सुचिता तोपनो, गोपाल सिंह, प्राचार्य राजेंद्र प्रसाद सिंह, कुसुम लता केरकेट्टा, स्मिता गुड़िया, रूपी देवी सहित विद्यालय के विद्यार्थियों, गणमान्य नागरिकों और अन्य श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।