पूर्वी सिंहभूम, 05 सितंबर ।
सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर परिसर में तीन दिनों से आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का शुक्रवार रात भव्य समापन हुआ।
अंतिम दिन बाल राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता और सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता के फाइनल में प्रतिभागियों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। समापन समारोह में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ समिति के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह और अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।
बाल राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता के फाइनल में 30 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। नन्हे बाल गोपाल और राधा रानी के मनमोहक रूप ने पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना दिया। वहीं सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में आठ फाइनलिस्ट टीमों ने सामाजिक, सांस्कृतिक और पर्यावरण से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। आकर्षक विद्युत सज्जा से सजे मंदिर परिसर में मौजूद दर्शकों ने जय श्रीकृष्ण के जयकारों और तालियों के साथ प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता में सोनाली चटर्जी, डॉ. रम्यता प्रफुल्ल और अरभ सागर ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
बाल राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता में युवांश कुमार ने प्रथम, स्वतिदिता दास ने द्वितीय और अनुष्का झा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को क्रमशः सात हजार, पांच हजार और तीन हजार रुपये तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पांच अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार मिला।
सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में आरबीडी क्रू प्रथम, आराध्या रूमा यूनिवर्स द्वितीय और संभव ग्रुप तृतीय रहा। विजेता टीमों को क्रमशः 20 हजार, 15 हजार और 10 हजार रुपये तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। पांच अन्य फाइनलिस्ट टीमों को भी नकद प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।
रघुवर दास ने जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों और युवाओं को भारतीय संस्कृति एवं सामाजिक मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आयोजन की सफलता पर सूर्य मंदिर समिति को बधाई दी और अभिभावकों से बच्चों में संस्कार विकसित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महासचिव अखिलेश चौधरी, अमरजीत सिंह राजा, सुशांत पांडा, शैलेश गुप्ता, शशिकांत सिंह, कृष्णमोहन सिंह, बंटी अग्रवाल, कंचन दत्ता, प्रमोद मिश्रा, मिथिलेश सिंह यादव, देवेंद्र सिंह, दिनेश कुमार सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।