करम पर्व प्रकृति, संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक : विधायक

Share

पश्चिमी सिंहभूम, 18 सितंबर । जिले के मनोहरपुर-आनंदपुर प्रखंड में शुक्रवार को करम पर्व की पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक उल्लास देखने को मिला। कुंडुख सरना जागरण मंच की ओर से आनंदपुर स्थित डाक बंगला स्कूल मैदान में करम पूर्व संध्या महोत्सव का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मनोहरपुर विधायक जगत माझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन स्थल पर पहुंचने पर विधायक का पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक तरीके से स्वागत किया गया।

महोत्सव में मनोहरपुर-आनंदपुर क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। पारंपरिक वेशभूषा में महिलाओं ने सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। मांदर की थाप और पारंपरिक गीतों के बीच देर तक सांस्कृतिक कार्यक्रम चलते रहे। इससे पूरा परिसर करम पर्व के रंग में रंगा नजर आया।

इस अवसर पर विधायक जगत माझी ने लोगों को करम पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज की मजबूती के लिए एकजुटता बेहद जरूरी है। करम पर्व केवल धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रकृति, परंपरा और सामूहिक जीवन मूल्यों से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और जड़ों से जोड़ने का अवसर मिलता है।

उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति में शिक्षा, संस्कृति, सामाजिक एकता और युवाओं की भागीदारी की अहम भूमिका है। अभिभावकों से बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने और युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने की अपील की।

महोत्सव के दौरान मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। विधायक ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए निरंतर मेहनत करने और अपनी उपलब्धियों से समाज और क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में गुड़गांव, बोड़ता, सतवमडी, कोलेडा, झारबेड़ा, खुदीपोस, बेड़ाकुंदेदा, पोटका विजाटोली, सिरका, प्रधानपल्ली और चिलीगादिरी समेत कई गांवों से महिला-पुरुष शामिल हुए।

मौके पर सरना प्रार्थना सभा ओडिशा के अध्यक्ष मनीलाल केरकेट्टा, राजी पड़हा प्रार्थना सभा रांची के अध्यक्ष रवि तिग्गा, मनोहरपुर प्रखंड उप प्रमुख दीपक एक्का, बोदे खलखो, रोबी लकड़ा सहित अन्य उपस्थित थेे।