नूंह, 02 सितंबर । नूंह जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन गोवंश को मुक्त कराया तथा दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार काे बताया कि दोनों मामलों में वाहन भी कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पहली कार्रवाई एक सितंबर को केएमपी एक्सप्रेसवे स्थित रेवासन टोल प्लाजा पर सूचना के आधार पर की गई। पुलिस ने एक पिकअप वाहन को रोककर जांच की तो उसमें दो गायें अत्यंत कमजोर एवं दुबली अवस्था में मिलीं। आरोप है कि दोनों गोवंश को गोकशी के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। पुलिस ने वाहन चालक राजा कुमार निवासी समस्तीपुर, बिहार को काबू कर लिया। मामले की सूचना थाना रोजका मेव पुलिस को दी गई, जिसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।
दूसरी कार्रवाई सुबह करीब पांच बजे गांव सिंगार के जंगल क्षेत्र में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पिकअप वाहन में गाय लेकर गोकशी के उद्देश्य से जंगल क्षेत्र में पहुंचा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी की पहचान विष्णु निवासी कटिया भगवती, थाना मुजरिया, जिला बदायूं, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। पुलिस ने गाय और पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन के नेतृत्व में जिले में गोकशी एवं गोतस्करी जैसी गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ गोवंश को सुरक्षित मुक्त कराने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।