50 से अधिक महिला स्वच्छताकर्मी हुईं सम्मानित

Share

पूर्णिया, 28 सितंबर । शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाए रखने में प्रतिदिन महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली महिला स्वच्छताकर्मियों के सम्मान में सोमवार को मधुबनी स्थित सावित्री उत्सव विवाह भवन, प्रताप नगर में “महिला स्वच्छताकर्मी सम्मान समारोह-2026” का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन ब्रेन डिस्कवरी पब्लिक स्कूल, पूर्णिया की ओर से किया गया। समारोह का उद्देश्य उन महिलाओं के श्रम, समर्पण और सामाजिक योगदान को सम्मान देना था, जो नगर निगम अथवा अन्य माध्यमों से मोहल्लों, सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई में प्रतिदिन महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम में 50 से अधिक महिला स्वच्छताकर्मियों को सम्मानित किया गया। अतिथियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर, माला पहनाकर, वस्त्र, मास्क एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर उनके योगदान के प्रति आभार जताया। वक्ताओं ने कहा कि शहर की स्वच्छता केवल व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज की बुनियाद है और इसे धरातल पर साकार करने में स्वच्छताकर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में मारवाड़ी महिला मोर्चा की 25 से अधिक सदस्यों ने विशेष रूप से भागीदारी की और महिला स्वच्छताकर्मियों को सम्मानित किया। आयोजन में मारवाड़ी महिला मोर्चा, श्रीराम सेवा संघ, प्रसार भारती, प्रेस क्लब पूर्णिया सहित कई सामाजिक एवं सेवाभावी संस्थाओं का सहयोग रहा। इन संस्थाओं के प्रतिनिधियों और सदस्यों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर स्वच्छता के क्षेत्र में कार्यरत महिलाओं का उत्साह बढ़ाया।

इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में ब्रेन डिस्कवरी पब्लिक स्कूल के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं सदस्यों ने लगातार मेहनत कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम की तैयारी से लेकर स्वच्छताकर्मियों के स्वागत, सम्मान एवं व्यवस्थाओं तक विद्यालय परिवार के सदस्यों ने सक्रिय सहयोग दिया। आयोजन की सफलता में उनकी टीम भावना और समर्पण स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।

ब्रेन डिस्कवरी पब्लिक स्कूल के निदेशक अनिकेत कुमार सिंह ने कहा कि संस्था शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करती रही है। उन्होंने कहा कि समाज के लिए निरंतर परिश्रम करने वाले लोगों को सम्मान और पहचान मिलना आवश्यक है। स्वच्छताकर्मी बिना किसी दिखावे के प्रतिदिन शहर को साफ रखने में योगदान देते हैं, इसलिए उनका सम्मान पूरे समाज के श्रम और सेवा भावना का सम्मान है।

वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता अभियान की सफलता तभी संभव है, जब सफाईकर्मियों के श्रम के प्रति समाज में सम्मान का भाव हो और प्रत्येक नागरिक स्वयं भी स्वच्छता की जिम्मेदारी निभाए। कार्यक्रम का संदेश “स्वच्छ शहर, स्वस्थ समाज, सम्मानित महिलाएं” तथा “स्वच्छता की शक्ति, समाज का सम्मान, नारी का गौरव” रहा। समारोह में सम्मान पाकर महिला स्वच्छताकर्मियों के चेहरों पर खुशी और आत्मसम्मान साफ दिखाई दिया।