दुर्गापूजा को लेकर सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति ने प्रशासन से की व्यापक तैयारी की मांग

Share

पूर्वी सिंहभूम, 15 सितंबर । शारदीय दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति ने जिला प्रशासन से समय रहते व्यापक तैयारियां पूरी करने की मांग की है। समिति के अध्यक्ष सह पूर्व भू-राजस्व मंत्री दुलाल भुइयां के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब से मुलाकात कर मांग-पत्र सौंपा। समिति ने दुर्गोत्सव के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन को हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।

समिति ने पूजा से पहले सभी सार्वजनिक पूजा समितियों को लाइसेंस जारी करने तथा प्रमुख पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग, पेयजल, चलंत शौचालय, चिकित्सा और यातायात की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। लगातार बारिश से क्षतिग्रस्त ग्रामीण और शहरी सड़कों की मरम्मत के साथ बड़े पूजा पंडालों तक एंबुलेंस और दमकल वाहनों की निर्बाध आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रमुख पूजा पंडालों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुरुष एवं महिला पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती, नियमित गश्त तथा सोशल मीडिया समेत अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों पर प्रभावी निगरानी की मांग की। महिला सुरक्षा, रैश ड्राइविंग, छेड़खानी और ध्वनि प्रदूषण पर विशेष निगरानी रखने तथा सप्तमी से दशमी तक शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने का सुझाव भी दिया गया।

विसर्जन घाटों की व्यवस्था को लेकर समिति ने जादूगोड़ा, नरवा पहाड़, मऊभंडार और घाटशिला समेत ग्रामीण क्षेत्रों के घाटों पर पर्याप्त रोशनी, गोताखोर, क्रेन, एंबुलेंस और प्राथमिक चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। पुराने विसर्जन घाटों की मरम्मत तथा आवश्यकता के अनुसार नए घाट तैयार करने पर भी जोर दिया गया।

समिति ने करनडीह, परसुडीह, सालगाझड़ी, मखदूमपुर और टाटानगर स्टेशन क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत एवं जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। टेल्को-गोविंदपुर मार्ग की जर्जर सड़क और क्षतिग्रस्त डिवाइडर की मरम्मत कराने का भी आग्रह किया गया।

बिजली व्यवस्था को लेकर समिति ने पंचमी से नवमी तक निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, झूलते और जर्जर तारों की मरम्मत तथा सार्वजनिक पूजा पंडालों को रियायती दर पर बिजली उपलब्ध कराने की मांग की।

बर्मामाइंस के पुराने पूजा मैदान में करीब 80 वर्षों से आयोजित हो रही पूजा और मेले को देखते हुए समिति ने आयोजन में आ रही समस्याओं का समाधान कराने का आग्रह किया। इसके अलावा मानगो-साकची फ्लाईओवर का दुर्गापूजा से पहले यथासंभव उद्घाटन कराने तथा विसर्जन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों की फिटनेस जांच अनिवार्य करने की मांग की गई, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।————