शिमला, 26 सितंबर । पुलिस थाना सदर शिमला की टीम ने एक उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नीटू काल्टा (35) पुत्र हरिचंद निवासी तहसील चिड़गांव जिला शिमला के रूप में हुई है। उसे शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक नीटू काल्टा वर्ष 2019 में भारतीय दंड संहिता की धारा 354-डी के तहत दर्ज मामले में आरोपी था। इस धारा के तहत किसी महिला का पीछा करने या उसकी गतिविधियों पर नजर रखने जैसे अपराध से संबंधित प्रावधान हैं।
पुलिस अधिकारी के अनुसार आरोपी अदालत में पेश नहीं हुआ था। इसके बाद अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (एसीजेएम)-1 शिमला की अदालत ने 28 जुलाई 2026 को उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया था।
पुलिस ने आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया है। अब उसे आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित अदालत में पेश किया जा रहा है।