बिजनौर, 25 सितम्बर । किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे भारतीय किसान संघ बिजनौर के जिला प्रचार प्रमुख ईश्वर सिहं व सीमा त्यागी की अगुवाई में पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी को मांगपत्र सौंपा। मांगपत्र में किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई है।
मांगपत्र में किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाकर 12 हजार रुपये वार्षिक करने, गन्ने का मूल्य 500 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने तथा चीनी मिल चलने से पहले गन्ने का मूल्य घोषित करने की मांग की गई। इसके साथ ही सभी किसानों के आयुष्मान कार्ड बनवाकर उन्हें योजना का लाभ दिलाने की मांग रखी गई।
किसान संघ ने कोटकलां कासिम क्षेत्र में मध्य गंगा नहर के नीचे पानी की निकासी के लिए बने साइफन को 25 मीटर से बढ़ाकर 125 मीटर करने की मांग की, ताकि खादर क्षेत्र में जलभराव की समस्या का समाधान हो सके। वहीं, इसी वित्तीय वर्ष में रावली तटबंध निर्माण की जांच सतर्कता विभाग अथवा वित्तीय अनियमितता विभाग से कराने की मांग भी की गई।