श्रम और कर्म के प्रति सम्मान ही समृद्ध समाज की आधारशिला : तारकिशोर प्रसाद

Share

कटिहार, 24 सितंबर । नगरनिगम के दुर्गा स्थान चौक स्थित जुगत भवन में भगवान श्री बलभद्र पूजन आयोजन समिति के तत्वावधान में कलवार समाज, कटिहार द्वारा भव्य पूजन सह समाज मिलन समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पंकजेश उर्फ मुकेश चौधरी ने की, जबकि समारोह का विधिवत उद्घाटन बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सह विधायक तारकिशोर प्रसाद ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर बलरामपुर विधायक संगीता देवी और बरारी के पूर्व विधायक विभाष चंद्र चौधरी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि भगवान बलभद्र केवल शक्ति और पराक्रम के प्रतीक ही नहीं, बल्कि वे कृषि, श्रम, समृद्धि, अनुशासन और लोक जीवन की गौरवशाली परंपरा के संवाहक हैं। उन्होंने कहा कि उनके हाथों में सुशोभित हल यह संदेश देता है कि धरती, श्रम और कर्म के प्रति सम्मान ही समृद्ध समाज की वास्तविक आधारशिला है। भगवान कृष्ण के ज्येष्ठ भ्राता बलभद्र जी का जीवन हमें सामर्थ्य के साथ सरलता, शक्ति के साथ संयम और पराक्रम के साथ लोक कल्याण की प्रेरणा देता है। उनकी आराधना अपनी सांस्कृतिक जड़ों, पूर्वजों की परंपरा और सामाजिक एकता के प्रति सम्मान का पावन संकल्प है।

बलरामपुर विधायक संगीता देवी ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह मंगलमय आयोजन समाज में एकता, सद्भाव, संस्कार और आपसी प्रेम को और सुदृढ़ करेगा। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों का अनुभव, मातृशक्ति का आशीर्वाद और युवा शक्ति का उत्साह मिलकर समाज को नई ऊर्जा व सही दिशा प्रदान करेगा। वहीं बरारी के पूर्व विधायक विभाष चंद्र चौधरी ने समाज के प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि की कामना करते हुए समाज के निरंतर संगठित और प्रगतिशील रहने पर बल दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्वलन एवं महाआरती के साथ हुआ, जिसमें समाज की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजन को सफल बनाने में प्रवीण भगत, डब्लू साह, विद्यानंद भगत, अशोक गुप्ता उर्फ पप्पू भगत, अरुण चौधरी, सुशील भगत, छोटू भगत, धनंजय चौधरी, पिंटू चौधरी और प्रणव भगत सहित समाज के युवाओं की सक्रिय भूमिका रही।