डेहरी आन सोन, 19 सितंबर ।
रोहतास जिले में नौहट्टा थाना क्षेत्र चुनहट्टा गांव से गुजरात में लेबर आपूर्ति का काम करने आए उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी विवेक अवस्थी और उसके स्थानीय सहयोगी के अपहरण का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत व्यक्ति को कैमूर जिले के अधौरा थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। मामले में मुख्य आरोपी विजय उरांव को गिरफ्तार किया गया है।
साइबर डीएसपी गौरव यादव ने शनिवार शाम प्रेस वार्ता में यह जानकारी दीl उन्होंने बताया कि गत 18 सितंबर की शाम करीब चार बजे सूचना मिली कि गुजरात में लेबर सुपरवाइजर के रूप में कार्यरत कानपुर निवासी विवेक अवस्थी रोहतास से मजदूरों को गुजरात ले जाने के लिए आए थे। इस दौरान मजदूर उपलब्ध कराने वाले स्थानीय सहयोगी के साथ उनका अपहरण कर लिया गया।
अपहरणकर्ताओं ने दोनों बंधकों के हाथ-पैर बंधे होने की तस्वीर व्हाट्सएप के माध्यम से परिजनों को भेजी। इसके अलावा विजय उरांव के मोबाइल फोन से कॉल कर फिरौती की मांग की गई और पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
उन्होने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए अंचल निरीक्षक अमझोर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी अनुसंधान और छापेमारी के दौरान पुलिस को पता चला कि विवेक अवस्थी पूर्व में विजय उरांव के साथ काम कर चुके थे और उसके कहने पर ही नौहट्टा आए थे। इसी दौरान विजय उरांव ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर दोनों को जंगल में बंधक बना लिया और परिजनों से फिरौती की मांग की।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए कैमूर जिले के अधौरा थाना क्षेत्र के गुल्लू गांव से विवेक अवस्थी को सकुशल बरामद कर लिया। वहीं मामले के मुख्य आरोपी विजय उरांव को गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होने बताया कि पुलिस ने इस मामले में नौहट्टा थाना कांड संख्या 246/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
उन्होने बताया कि टीम में अमझोर अंचल निरीक्षक सुरेश रविदास,सब इंस्पेक्टर दिवाकर कुमार राकेश कुमार रविंद्र कुमार शामिल थे।