मुंबई, 04 सितंबर । टाटा की अगुवाई वाली एयरलाइन एयर इंडिया ने शुक्रवार को फुकेत-दिल्ली फ़्लाइट के पायलट-इन-कमांड की सेवाएं समाप्त कर दीं है, जो ड्रग्स के इस्तेमाल के टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए थे।
एयर इंडिया ने आज एक बयान में बताया कि जांच में मादक पदार्थ सेवन की पुष्टि होने पर फुकेत-दिल्ली उड़ान के मुख्य पायलट की सेवा समाप्त कर दी गई। विमानन कंपनी की ओर से यह घोषणा फुकेत फ़्लाइट की घटना की जांच करने वाली एजेंसी विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) की शुरुआती रिपोर्ट आने के कुछ घंटों बाद की गई है।
एएआईबी की इस रिपोर्ट में कहा गया कि पायलट द्वारा मादक पदार्थ का सेवन एक गंभीर चिंता का विषय है और उसने विमान नियामक नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) से उचित कार्रवाई करने को कहा था।
एएआईबी ने इस मामले की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट आज जारी की है। इस विमान घटना में 20 यात्री और चार क्रू मेंबर घायल हो गए थे। एयर इंडिया ने शुरू में ऊंचाई कम होने की वजह टर्बुलेंस (हवा के झोंके) को बताया था, लेकिन विमान बनाने वाली कंपनी की रिपोर्ट से पता चला कि विमान के ग्रीन, ब्लू और येलो सिस्टम में हाइड्रोलिक प्रेशर की दिक्कतों की वजह से लगभग चार सेकंड के लिए एलिवेटर और एलिरॉन कंट्रोल काम नहीं कर रहे थे।