बलरामपुर, 18 सितंबर । बलरामपुर जिले में एग्री स्टैक पंजीयन का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कराने के लिए राजस्व अमले और कृषि विभाग द्वारा लगातार मॉनीटरिंग की जा रही है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर अधिकारी मैदानी स्तर पर पहुंचकर अब तक पंजीयन से छूटे पात्र किसानों का चिन्हांकन कर रहे हैं। साथ ही दस्तावेजों में सामने आ रही कमियों को दूर करने के लिए आवश्यक सहयोग भी दिया जा रहा है।
इसी क्रम में तहसीलदार शंकरगढ़ ने पात्र किसानों के दस्तावेजों का परीक्षण किया। जांच के दौरान जिन किसानों के मोबाइल नंबर आधार से लिंक नहीं पाए गए, उन्हें आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर मोबाइल नंबर आधार से लिंक कराने के लिए निर्देशित किया गया। अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों से जुड़ी कमियों को समय रहते दूर करने से एग्री स्टैक पंजीयन की प्रक्रिया में अनावश्यक परेशानी नहीं होगी।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने जिले के किसानों से अपील की है कि जिनका अब तक एग्री स्टैक में पंजीयन नहीं हुआ है, वे नजदीकी सहकारी समिति, कृषि कार्यालय, राजस्व कार्यालय या चॉइस सेंटर से संपर्क कर पंजीयन कराएं। एग्री स्टैक में दर्ज जानकारी के आधार पर किसानों को कृषि से जुड़ी विभिन्न शासकीय योजनाओं, अनुदान और ऋण सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। ऐसे में पात्र किसानों का समय पर पंजीयन पूरा कराना जरूरी है।