फिरोजाबाद, 18 अगस्त । थाना फरिहा पुलिस टीम ने सोमवार देर रात लूट करने वाले दो लुटेरों को मुठभेड में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पैर में गोली लगने से घायल एक अभियुक्त को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
सीओ जसराना प्रेम प्रकाश पाण्डेय ने बताया कि थाना रसूलपुर क्षेत्र के मोहल्ला शांति नगर निवासी गौरव 11 अगस्त को कुबेरपुर जनपद आगरा से जनपद गौतम बुद्धनगर जाने के लिये सवारी का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान एक सफेद रंग की कार सवार अज्ञात व्यक्तियों ने उसे गौतम बुद्धनगर जाने की कहकर अपनी कार में बैठा लिया। रास्ते में डरा-धमकाकर कर उसका मोबाइल फोन ले लिया व उसके खाते से फोन-पे के माध्यम से रुपये निकाल लिये। ग्राम डबरा में कार से उतार कर भाग गये। पीड़ित ने थाने पर मुकदमा दर्ज कराया।
थानाध्यक्ष फरिहा पुष्पेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ सोमवार देररात क्षेत्र में गश्त पर थे। तभी सूचना मिली कि वांछित अभियुक्तगण गागनी रोड पर खोखे के पास किसी घटना को कारित करने की फिराक में है। पुलिस ने घेराबंदी की तो संदिग्ध व्यक्तियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायर कर दिया।
पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्यवाही में एक अभियुक्त के पैर में गोली लगी, जिसे घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम नगला अजीत निवासी गज्जू उर्फ गजेन्द्र उर्फ घंटोली बताया। वहीं, दूसरा अभियुक्त मौके से भागने लगा, जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया है। उसकी पहचान नगला बारे दारापुर रैसनी निवासी अनमोल उर्फ रामू बताया। अभियुक्तों के कब्जे से अवैध तमंचा 315 बोर, जिंदा कारतूस 315 बोर, खोखा कारतूस 315 बोर व अवैध छुरी, लूटे गये रुपयों में 2,910 रुपये एवं लूटा गया मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
सीओ ने बताया कि घायल अभियुक्त गज्जू उर्फ गजेन्द्र उर्फ घंटोली को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। गिरफ्तार अभियुक्तगणों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
————–