सीवान, 02 अगस्त । विश्व अंगदान दिवस के अवसर पर रविवार को सीवान में मानवता, सेवा और जनजागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला। दधीची देहदान समिति की सीवान इकाई, सीवान ब्लड डोनर क्लब एवं रोटरी क्लब ऑफ सीवान संकल्प के संयुक्त तत्वावधान में गांधी मैदान में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर तथा ब्लाइंड वॉक का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को अंगदान और नेत्रदान के महत्व से अवगत कराना तथा समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाना था। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की नि:शुल्क ब्लड शुगर और रक्तचाप की जांच की गई। इसके बाद प्रतिभागियों ने अपनी आंखों पर काली पट्टी बांधकर गांधी मैदान से जेपी चौक तक ब्लाइंड वॉक निकाली।
इस प्रतीकात्मक यात्रा के माध्यम से लोगों को दृष्टिबाधित व्यक्तियों के दैनिक जीवन की कठिनाइयों का अनुभव कराया गया और यह संदेश दिया गया कि नेत्रदान किसी की अंधेरी दुनिया में नई रोशनी ला सकता है।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि “जीते जी रक्तदान और मृत्यु के बाद अंगदान, मानवता की सबसे बड़ी सेवा है।” उन्होंने लोगों से मृत्यु के उपरांत अपने अंग एवं नेत्र दान करने का संकल्प लेने की अपील करते हुए कहा कि एक व्यक्ति का यह निर्णय कई जरूरतमंद लोगों को नया जीवन देने के साथ अनेक परिवारों की खुशियां लौटा सकता है। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवकों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजकों ने कहा कि जब समाज सेवा के लिए विभिन्न संस्थाएं एक मंच पर आती हैं, तो जनजागरूकता अभियान का प्रभाव कई गुना बढ़ जाता है।
इस अवसर पर दधीची देहदान समिति, सीवान ब्लड डोनर क्लब, रोटरी क्लब ऑफ सिवान संकल्प, सीवान पिंकाथॉन, इनर व्हील क्लब, डेनियल क्लब समेत अन्य सहयोगी संस्थाओं एवं स्वयंसेवकों के योगदान की सराहना की गई।