नई दिल्ली, 15 अगस्त । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष कुशाभाऊ ठाकरे की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। नितिन नवीन ने उन्हें भाजपा संगठन का शिल्पकार बताते हुए उनके सादगी, अनुशासन और निःस्वार्थ सेवा से जुड़े जीवन को याद किया।
नितिन नवीन ने एक्स पोस्ट में कहा कि भारतीय जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक संगठन को मजबूत करने में कुशाभाऊ ठाकरे का अतुलनीय योगदान रहा। उन्होंने अपना पूरा जीवन संगठन और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित किया। ठाकरे जी का जीवन प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का स्रोत है और संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीयता तथा राष्ट्रसेवा का भाव सदैव कार्यकर्ताओं को कर्तव्यपथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा।
भाजपा के अनुसार, 1980 में भाजपा की स्थापना के समय ठाकरे को पार्टी का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया था। बाद के वर्षों में उन्होंने राष्ट्रीय महासचिव और संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण दायित्व संभाले। ठाकरे 14 अप्रैल 1998 को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए और अगस्त 2000 तक इस पद पर रहे। उनके अध्यक्षीय कार्यकाल में 1999 का लोकसभा चुनाव हुआ, जिसमें भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी और अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में एनडीए सरकार का गठन हुआ।
————-