फतेहाबाद, 21 अगस्त । शहर में पिछले 16 दिनों से ठप पड़ी सफाई व्यवस्था और सफाई कर्मचारियों की अनसुलझी मांगों को लेकर अब जन-आक्रोश फूट पड़ा है। बिगड़ते हालातों के बीच नगर परिषद के वार्ड पार्षद मोहन लाल नारंग ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ सीधा मोर्चा खोलते हुए अपने पद से इस्तीफा देने का बड़ा ऐलान किया है। इसके साथ ही नागरिक अधिकार मंच, विभिन्न सामाजिक संगठनों और शहर के दुकानदारों ने आर-पार की लड़ाई का मन बनाते हुए 22 अगस्त को जवाहर चौक पर विशाल धरना देने की घोषणा कर दी है। शहर की दुर्दशा और सफाई कर्मचारियों के मुद्दों को लेकर शुक्रवार को नागरिक अधिकार मंच की एक विशेष बैठक आयोजित की गई। इसमें नगर परिषद पार्षदों, व्यापारी नेताओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में शहर में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेरों और आम जनता को हो रही भारी परेशानियों पर चिंता व्यक्त की गई। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कर्मचारियों के समर्थन में पार्षद मोहन लाल नारंग अपना इस्तीफा देंगे और 22 अगस्त से जवाहर चौक में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।अपने इस्तीफे का ऐलान करते हुए पार्षद मोहन लाल नारंग ने कहा कि नगर परिषद का जनप्रतिनिधि होने के नाते शहरवासियों की तकलीफों को अनदेखा करना उनके लिए संभव नहीं है। उन्होंने कहा, जब शहर का हर नागरिक सडक़ों पर फैले कचरे और बदबू के बीच जीने को मजबूर है, तो ऐसे में जनप्रतिनिधियों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। बैठक में मौजूद सामाजिक संगठनों और व्यापारिक मंडल के प्रतिनिधियों ने कहा कि 22 अगस्त को फतेहाबाद के ऐतिहासिक जवाहर चौक पर सफाई कर्मचारियों के हक में सांकेतिक धरना शुरू होगा। अगर सरकार ने तब भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो इस धरने को अनिश्चितकालीन आंदोलन में बदल दिया जाएगा। नागरिक संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस जनसमस्या का समाधान नहीं हुआ तो पूरे शहर के व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद कर बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन की होगी।