नूंह, 09 अगस्त । नूंह जिले में भारी बारिश के बाद जलभराव की समस्या से प्रभावित गांवों में लोगों को राहत दिलाने के लिए प्रशासन ने शनिवार रात विशेष जल निकासी अभियान चलाया। बदरपुर, उलेटा, जेताका और अकलीमपुर गांवों में जलभराव की स्थिति गंभीर बनी हुई थी। ग्रामीणों के अनुसार, चारों गांवों में 100 से अधिक घरों में करीब तीन से चार फुट तक पानी भर गया था। जलभराव के कारण कई मकानों की दीवारें भी गिर गईं, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जिला उपायुक्त अखिल पिलानी के निर्देश पर विभिन्न विभागों के अधिकारी शनिवार रात ही मौके पर पहुंचे और जल निकासी के कार्य की निगरानी की। प्रशासन की ओर से जेसीबी मशीनों की सहायता से सड़कों और रास्तों को काटकर पानी की निकासी के लिए सीमेंट के पाइप यानी कुलावे डाले गए। इन पाइपों के माध्यम से रुके हुए बरसाती पानी को दूसरे स्थानों और जंगल की ओर निकाला गया, जिससे जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी का स्तर कम किया जा सके।
मौके पर हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता रियाज मोहम्मद, सिंचाई विभाग के कनिष्ठ अभियंता मोहम्मद ओवैस खान तथा पंचायत विभाग के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी विशाल आजाद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया और आवश्यकतानुसार जल निकासी की व्यवस्था कराई। रातभर चले इस अभियान से प्रभावित गांवों में जमा पानी की निकासी शुरू हुई और ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद जगी। प्रशासन की ओर से जलभराव वाले क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।