झांसी : स्वतंत्रता दिवस पर एसएसपी ने किया ध्वजारोहण, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित

Share

झांसी, 15 अगस्त । उत्तर प्रदेश के झांसी में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्द पर ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस दौरान पुलिस लाइन का वातावरण देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत रहा।

एसएसपी ने पुलिस बल को संबोधित करते हुए भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन में स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता का महत्व समझते हुए प्रत्येक नागरिक और विशेष रूप से पुलिस कर्मियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी, संवेदनशीलता और कर्तव्यपरायणता के साथ करना चाहिए। उन्होंने कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए पुलिसकर्मियों को प्रेरित किया।

समारोह के दौरान जनपद में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, साइबर अपराध पर प्रभावी कार्रवाई, आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण, विभिन्न मामलों के सफल अनावरण, प्रभावी पैरवी, जनसुनवाई, सोशल मीडिया मॉनीटरिंग और अन्य राजकीय कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

सम्मानित अधिकारियों में अपर पुलिस अधीक्षक साइबर अपराध अरीबा नोमान, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर रामवीर सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर प्रिया सिंह, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन पन्ना लाल मौर्या, प्रभारी स्वाट टीम निरीक्षक विनय दिवाकर, प्रभारी मॉनीटरिंग सेल निरीक्षक चंद्रशेखर दुबे, प्रभारी आईजीआरएस निरीक्षक अमरनाथ यादव तथा प्रभारी सर्विलांस सेल सहित विभिन्न थानों और शाखाओं में तैनात पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

एसएसपी ने पुलिस विभाग के स्वच्छता कर्मियों को भी सम्मानित किया और उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके बाद एसएसपी ने पुलिस मॉडर्न स्कूल झांसी में अध्ययनरत बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए शिक्षा के साथ जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने और देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

अंत में एसएसपी ने सभी सम्मानित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी और भविष्य में भी इसी लगन, निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने राजकीय दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।