ट्रेलर चालक और सड़क पर खड़े युवक की मौत, बचाने के प्रयास में पुलिया से नीचे गिरा ट्रेलर

Share

झालावाड़, 09 अगस्त । झालावाड़ जिले के झालरापाटन क्षेत्र में शनिवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रेलर चालक और सड़क पर खड़े एक युवक की मौत हो गई। भंवरसा पुलिया के पास सड़क पर खड़े युवक को बचाने के प्रयास में ट्रेलर अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे जा गिरा। हादसे में सड़क पर खड़े युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रेलर चालक ने भी दम तोड़ दिया। मृतक युवक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। ट्रेलर चालक की पहचान टोंक जिले के बिजवाड़ गांव निवासी श्योजीराम (42) पुत्र श्रवण राम के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार हादसा शनिवार रात करीब 11 बजे झालरापाटन से लगभग 10 किलोमीटर दूर भंवरसा पुलिया के पास हुआ। बताया जा रहा है कि एक युवक सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे ट्रेलर चालक ने उसे बचाने का प्रयास किया। अचानक ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और पुलिया से नीचे जा गिरा। ट्रेलर की चपेट में आने से सड़क पर खड़े युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं पुलिया से नीचे गिरने के कारण ट्रेलर चालक श्योजीराम की भी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दोनों शवों को झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।

अस्पताल पुलिस चौकी प्रभारी भीम सिंह ने बताया कि घटना की सूचना झालरापाटन थाना पुलिस को दे दी गई है। रविवार को दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया। अज्ञात युवक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

परिजनों के अनुसार श्योजीराम 5 अगस्त को जोधपुर के माणकपुर से माल लेकर छत्तीसगढ़ के रायपुर के लिए रवाना हुए थे। इसके बाद 6 और 7 अगस्त को वह अपने गांव में रुके थे। 8 अगस्त की सुबह वह दोबारा रायपुर के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान झालरापाटन के भंवरसा क्षेत्र में यह हादसा हो गया और उनकी जान चली गई। श्योजीराम अपने परिवार में अकेले कमाने वाले थे। उनकी पत्नी चंता देवी गृहिणी हैं। उनके दो बेटे राकेश और दीपक तथा एक बेटी निरमा है। तीनों बच्चे अभी पढ़ाई कर रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल पहुंचे। श्योजीराम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।