एसी का कॉपर पाइप चोरी करते युवक रंगेहाथ पकड़ा, लोगों ने पुलिस को सौंपा

Share

पूर्वी सिंहभूम, 11 अगस्त । साकची थाना क्षेत्र के डालडा लाइन में दुकानों के एसी के कॉपर पाइप चोरी होने की लगातार घटनाओं से परेशान कारोबारियों ने मंगलवार को एक युवक को चोरी करते रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोप है कि युवक दुकान की छत पर लगे एसी का कॉपर पाइप काटकर ले जाने की कोशिश कर रहा था। पकड़े जाने के बाद स्थानीय लोगों ने उसकी पिटाई की और हाथ-पैर बांधकर पुलिस के हवाले कर दिया।

साकची थाना पुलिस आरोपित युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। साथ ही पिछले दिनों हुई कॉपर पाइप चोरी की घटनाओं में उसकी संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, डालडा लाइन में पिछले करीब दो महीने से दुकानों में लगे एसी के कॉपर पाइप चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं। लगातार चोरी से कई कारोबारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। जय दुर्गा ज्वेलर्स के संचालक विकास स्वाइन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पिछले सप्ताह उनकी दुकान के एसी का कॉपर पाइप भी काटकर चोरी कर लिया गया था। नया पाइप लगवाने में उन्हें करीब सात से आठ हजार रुपये खर्च करने पड़े।

लगातार चोरी की घटनाओं के बाद दुकानदारों ने अपनी दुकानों के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगवाने शुरू कर दिए थे। मंगलवार अहले सुबह सीसीटीवी फुटेज में एक युवक दुकान की छत पर पहुंचकर एसी का कॉपर पाइप काटता दिखाई दिया। फुटेज की जानकारी आसपास के कारोबारियों और स्थानीय लोगों को दी गई।

शोर मचने पर युवक मौके से भागने लगा, लेकिन लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रमजान बताया। स्थानीय लोगों ने उसके पास मौजूद बोरे की तलाशी ली, जिसमें चोरी किया गया कॉपर पाइप बरामद होने की बात सामने आई। स्थानीय निवासी संदीप बर्मन ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले करने में अहम भूमिका निभाई।

पुलिस आरोपित को थाने ले गई और उससे पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह अकेले चोरी करता था या उसके पीछे कोई गिरोह सक्रिय है। साथ ही पूर्व में हुई कॉपर पाइप चोरी की घटनाओं से भी उसके संबंध की जांच की जा रही है।

स्थानीय कारोबारियों के अनुसार, बाजार में एसी के कॉपर पाइप की कीमत करीब पांच से सात हजार रुपये तक होती है। लगातार चोरी की घटनाओं से डालडा लाइन के दुकानदारों में नाराजगी है। कारोबारियों ने पुलिस से इलाके में नियमित गश्त बढ़ाने और एसी के कॉपर पाइप चोरी करने वाले लोगों या गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

———-