राष्ट्रीय खेल दिवस पर खूंटी में हॉकी और तीरंदाजी प्रतियोगिता, 400 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

Share

खूंटी, 29 अगस्त । राष्ट्रीय खेल दिवस और हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर शनिवार को खूंटी जिले में हॉकी एवं तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। आयोजन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे करीब 350 से 400 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचने के बाद उपायुक्त ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे मानसिक मजबूती, अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है।

उपायुक्त ने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास और पूरी मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रतिभावान खिलाड़ियों को उचित अवसर और निरंतर अभ्यास के माध्यम से खेल के क्षेत्र में बेहतर मुकाम हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

हॉकी एवं तीरंदाजी प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों में खासा उत्साह और जोश देखने को मिला। खिलाड़ियों ने खेल भावना और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया तथा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान मैदान में खिलाड़ियों के बीच बेहतर प्रदर्शन करने को लेकर उत्साह नजर आया।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य जिले के उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना तथा युवाओं में खेल के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाना है। आयोजन के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

प्रतियोगिता ने युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करने के साथ स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संदेश भी दिया। आयोजन में खिलाड़ियों के साथ खेलप्रेमियों और संबंधित अधिकारियों की भी मौजूदगी रही।————-