पुल निर्माण में लगे दो मजदूरों को अपराधियों ने मारी गोली

Share

पलामू, 21 अगस्त । पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के रजडेरवा में गुरुवार देर रात नेशनल हाईवे (एनएच) पर पुल निर्माण स्थल पर काम कर रहे दो मजदूरों को अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया।

घटना रात करीब 11 बजे की है। घायल मजदूरों के मुताबिक, बाइक पर सवार कुछ अपराधी काम कर रहे मजदूरों के पास पहुंचे और उनसे माचिस मांगी। मजदूरों ने माचिस नहीं होने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और बाइक सवार अपराधियों ने दोनों मजदूरों पर गोली चला दी। गोली लगने से दोनों मजदूर गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। उनकी पहचान 26 वर्षीय अजय हांसदा और 20 वर्षीय

संजय हांसदा के रूप में हुई है। दोनों पश्चिम बंगाल के पुरुलिया के रहने वाले हैं।

घटना के बाद अपराधी बाइक से मौके से फरार हो गए। वहां मौजूद अन्य मजदूरों ने तत्काल दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को घटना की सूचना दी। रात एक बजे एमएमसीएच में इलाज के लिए घायलों को लाया गया।

वहीं, वारदात के बाद एनएच पर काम कर रहे मजदूरों में भय का माहौल है।

सूचना मिलते ही जिले के एसपी कपिल चौधरी और अन्य पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे।

पलामू एसपी कपिल चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरे मामले में जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश कर रही है।

दरअसल, सतबरवा के इलाके में नेशनल हाईवे 39 का फोरलेन का कार्य चल रहा है।

रजडेरवा में नेशनल हाईवे का फ्लाईओवर बनाया गया है और उसी के ऊपर एक अस्थाई कैंप बनाया गया है, जिसमें मजदूर रहा करते हैं। देर रात एक बाइक पर दो अपराधी पहुंचे थे और फायरिंग की घटना को अंजाम देकर फरार हो गया है।

घटनास्थल से चार खोखा बरामद किया गया है मजदूरों को पैर और पेट में गोली लगी है।

राहुल दुबे गैंग के द्वारा घटना को अंजाम दिए जाने की सूचना मिल रही है पूरे मामले में जांच की जा रही है।