फतेहाबाद, 03 अगस्त । शहर के रतिया रोड पर रविवार देर रात एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला, जिसकी अस्पताल ले जाने पर मौत हो गई। मृतक की पहचान फतेहाबाद के नजदीकी गांव बड़ोपल निवासी 37 वर्षीय राकेश कुमार पुत्र मक्खनलाल के रूप में हुई है। घटना के बाद से ही इलाके में शोक का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात रतिया रोड से गुजर रहे स्थानीय लोगों ने सडक़ किनारे एक युवक को बेसुध और लहूलुहान हालत में पड़ा देखा। राहगीरों ने तुरंत इस बात की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम बिना कोई वक्त गंवाए मौके पर पहुंची और घायल राकेश को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी नागरिक अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, वहां मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद ही उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पड़ोसियों और ग्रामीणों ने बताया कि 37 वर्षीय राकेश कुमार बेहद शांत स्वभाव का व्यक्ति था। वह शादीशुदा था और खेती-बाड़ी का कार्य करके अपने परिवार का पेट पालता था। राकेश अपने पीछे पत्नी और एक छोटे बेटे को छोड़ गया है। अचानक हुई इस घटना से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया, जहां सोमवार को डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। परिजनों ने इस मामले में किसी पर भी शक जाहिर नहीं किया है और किसी प्रकार की कानूनी या पुलिस कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिजनों के बयानों और आवश्यक कागजी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस फिलहाल मामले में इत्तेफाकिया कार्रवाई दर्ज कर आगे की कागजी कार्रवाई पूरी कर रही है।