सुरक्षा ड्यूटी से लौटते समय डीआरजी जवानों ने मरीज को पहुंचाया सीआरपीएफ अस्पताल

Share

सुकमा, 15 अगस्त । जिले के स्वतंत्रता दिवस की सुरक्षा ड्यूटी पूरी कर लौट रहे डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के जवानों ने सेवा की मिसाल पेश करते हुए भीमापुरम में जाेरदार हाे रही बारिश के बीच एक मरीज को अस्पताल ले जाने के लिए वाहन नहीं मिला तो जवानों ने बिना देर किए चारपाई को अपने कंधों पर उठाया और मरीज को रायगुड़ा स्थित सीआरपीएफ अस्पताल तक पहुंचाया।

मिली जानकारी के अनुसार, डीआरज गोल्फ टीम के जवान स्वतंत्रता दिवस की सुरक्षा व्यवस्था में तैनाती के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान भीमापुरम में उनकी नजर परिजनों पर पड़ी, जो एक मरीज को चारपाई पर लेकर अस्पताल जाने की कोशिश कर रहे थे। मरीज की हालत गंभीर थी और उसे तत्काल उपचार की जरूरत थी। मरीज को अस्पताल पहुंचाने के लिए वाहन उपलब्ध नहीं होने पर जवानों ने तुरंत मदद का फैसला किया।

उन्होंने चारपाई को अपने कंधों पर उठाया और पैदल ही मरीज को रायगुड़ा कैंप स्थित सीआरपीएफ अस्पताल तक लेकर गए। अस्पताल पहुंचने के बाद मरीज को भर्ती कराया गया। माओवाद प्रभावित बस्तर में सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले जवानों की इस पहल ने उनके मानवीय पक्ष को सामने रखा है। देश की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार इन्हीं कंधों ने एक जरूरतमंद की मदद के लिए चारपाई भी उठाई। जवानों की इस संवेदनशील पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।