फतेहाबाद, 16 अगस्त । फ्लिपकार्ट कस्टमर केयर का प्रतिनिधि बनकर महिला से हजारों रुपये की साइबर धोखाधड़ी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद पुलिस टीम ने आरोपी को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान मध्यप्रदेश के भिंड निवासी राहुल ओझा के रूप में हुई है। रविवार को इस बारे जानकारी देते हुए थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद के प्रभारी निरीक्षक राहुल देव ने बताया कि गांव धांगड़ निवासी एक महिला ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक, 30 अक्टूबर 2025 को उसके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया था, जिसने खुद को पिलफकार्ट कस्टमर केयर का कर्मचारी बताया। बातों में उलझाने के बाद शातिर ठग ने महिला के व्हाट्सएप पर एक संदिग्ध लिंक भेजा। जैसे ही महिला ने उस लिंक पर क्लिक किया, उसके फोन का एक्सेस ठग के पास चला गया और कुछ ही देर में उसके बैंक खाते से 85 हजार रुपये की राशि निकाल ली गई। पीडि़त महिला की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर साइबर तकनीकों के जरिए जांच आगे बढ़ाई। बैंक खातों के ट्रांजेक्शन और मोबाइल नंबरों की तफ्तीश करते हुए पुलिस टीम मध्य प्रदेश के भिंड पहुंची और आरोपी राहुल ओझा को दबोच लिया। साइबर थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाया जाएगा कि उसने इस तरह से अन्य कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।