नोएडा, 06 अगस्त । थाना सेक्टर 20 क्षेत्र के सेक्टर 30 स्थित चाइल्ड पीजीआई के पार्क में खेल रहे पीजीआई में काम करने वाले एक कर्मचारी के बच्चे को करंट लग गया। बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया। बच्चे को उपचार के लिए तत्काल अस्पताल के आईसीयू में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की जानकारी के बाद अस्पताल पहुंचे बिजली विभाग इंजीनियर के परिजनों की नोक झोक हो गई। हालांकि वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने परिवार को समझा-बूझाकर शांत करवाया । इस दौरान अस्पताल परिसर में हंगामा भी हुआ।
बच्चे की मां दिशा गुप्ता ने बताया कि वह पीजीआई में टेक्निकल के पद पर तैनात हैं। बुधवार की रात करीब 7 बजे उनका 7 वर्षीय बेटा अभिराज पार्क में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान उसने लोहे की ग्रिल को छुआ और करंट की चपेट में आ गया। उसके साथ खेल रहे बच्चों ने सूझबूझ दिखाते हुए बॉल, चप्पल और डंडे की मदद से उसे ग्रिल से अलग किया, जिससे उसकी जान बची। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। दिशा गुप्ता का आरोप है कि लापरवाही से पार्क की ग्रिल में करंट उतर रहा था, इसके बावजूद बिजली आपूर्ति बंद नही कराई गई। उन्होंने मामले में थाना सेक्टर 20 में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है।
थाना सेक्टर 20 के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।