12 वर्षीय उमर हत्याकांड का 24 घंटे में उद्भेदन, आइसक्रीम विक्रेता गिरफ्तार

Share

किशनगंज, 21 अगस्त । कोचाधामन थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय बालक उमर आलम की हत्या का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर उद्भेदन कर दिया। मामले में पुलिस ने आइसक्रीम ट्रॉली पर आइसक्रीम बेचने वाले बादशाह रियासत को बहादुरगंज थाना क्षेत्र के एलआरपी चौक से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की है।उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल खून लगी पेड़ की टहनी, बिजली का तार और घटना के समय पहना हुआ खून लगा कपड़ा बरामद किया गया है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने शुक्रवार को कार्यालय में प्रेसवार्ता कर बताया कि 19 अगस्त की सुबह सुंदरबाड़ी-दांती बस्ती के बीच कलवट के पास नहर में 12 वर्षीय उमर आलम का शव मिला था। मृतक के पिता नदीम के आवेदन पर कोचाधामन थाना कांड संख्या 437/26 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने एसडीपीओ किशनगंज के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। एसआईटी ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी की। इस दौरान दर्जनों लोगों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। इसके बाद 20 अगस्त को बादशाह रियासत को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 18 अगस्त को वह आइसक्रीम ट्रॉली लेकर सारेगोरा गया था। वहां उमर उसके साथ ट्रॉली में धक्का लगाने के लिए तैयार हो गया। दिनभर दोनों ने साथ में आइसक्रीम बेची। रात में सुंदरबाड़ी-दांती के बीच कलवट के पास दोनों रुके और आरोपी ने नशा किया। बिक्री के रुपये को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। उमर के गाली-गलौज करने पर आरोपी ने मारपीट शुरू कर दी। उमर के चिल्लाने पर उसने पेड़ की टहनी, बिजली के तार, बैटरी, एफएम बाजा और कैंची से हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव नहर में फेंक दिया।

एफएसएल टीम ने घटनास्थल से बैटरी, एफएम बाजा, कैंची, आइसक्रीम ट्रॉली, चप्पल और जमीन पर गिरे खून के नमूने जब्त किए हैं। पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रही है। छापामारी दल में एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह, पुलिस निरीक्षक राम बालेश्वर राय, पुलिस निरीक्षक मो. मुश्ताक, कोचाधामन थानाध्यक्ष ईजहार आलम, पुलिस अवर निरीक्षक सोना कुमार, अरविन्द कुमार, विकास कुमार, सुनील कुमार और सुधीर कुमार सहित जिला आसूचना इकाई के कर्मी, चालक एवं सशस्त्र बल शामिल थे।