पश्चिमी सिंहभूम, 21 जुलाई । पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा-तांतनगर मुख्य मार्ग पर मंगलवार तड़के हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कोकचो निवासी सचिन निषाद (35) के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
हादसा कोकचो थाना क्षेत्र के हेस्साडीह गांव के समीप मंगलवार तड़के हुआ। बताया जा रहा है कि सचिन निषाद अपनी मोटरसाइकिल से कहीं से वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान अचानक उसकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जा टकराई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सचिन बाइक से उछलकर सड़क पर सिर के बल गिर पड़ा। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह घटनास्थल पर ही लहूलुहान होकर पड़ा रहा।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसे बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर कोकचो थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू की। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
युवक की असमय मौत से उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। ————-