प्रयागराज, 26 जुलाई । अधिक से अधिक पौधारोपण हमारे जीवन की आवश्यकता हैं। प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर ही बेहतर और स्वस्थ जीवन जिया जा सकता है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।
यह बात रविवार को उत्तर मध्य रेलवे सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड द्वारा आयोजित पर्यावरण संरक्षण एवं “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत आयोजित संगोष्ठी में मुख्य वक्ता अपर मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. परवेज ने कही। रविवार को लोको कॉलोनी (दसवें मार्ग) स्थित न्यू बिल्डिंग परिसर में सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज की ओर से वृहद पौधारोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं उपायुक्त डॉ. सुरेंद्र नाथ, अपर मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. परवेज, डिवीजनल कमांडर (मेडिकल) डॉ. आशीष अग्रवाल तथा डिवीजनल कमांडर (प्रशासन) डॉ. अमित मालवीय ने किया।
अभियान के दौरान अधिकारियों, विशिष्ट अतिथियों और ब्रिगेड सदस्यों ने सामूहिक रूप से 100 से अधिक पौधे लगाए। इनमें छायादार, फलदार एवं विभिन्न प्रजातियों के फूलदार पौधे शामिल रहे। सभी प्रतिभागियों ने पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया, ताकि भविष्य में ये पौधे हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
पौधारोपण के बाद केंद्रीय चिकित्सालय सभागार में आयोजित संगोष्ठी में अपर मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. परवेज एवं डिवीजनल कमांडर (मेडिकल) डॉ. आशीष अग्रवाल ने कहा कि पेड़-पौधे केवल पर्यावरण को शुद्ध करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन, तापमान नियंत्रण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव भी हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाए।
कार्यक्रम का संचालन अमित कुमार मौर्य ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में एम्बुलेंस अधिकारी उदय चंद मौर्य, राजीव सिंह, रतन कुमार, मंडल सचिव आलोक कुमार वर्मा, कॉरपोरल अमित कुमार मौर्य, सार्जेंट विजय कुमार, पवन कुमार, राजीव कुमार दिवाकर, तेज बहादुर यादव, मनीष कुमार, राम सजीवन पटेल सहित 50 से अधिक सदस्यों एवं सेवानिवृत्त अधिकारियों का सराहनीय योगदान रहा। अंत में सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज ने भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण एवं जनहित से जुड़े ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित करने का संकल्प दोहराया।