पूर्वी सिंहभूम, 05 जुलाई ।
ऑल इंडिया रेलवे ट्रैक मेंटेनर यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चांद मोहम्मद के टाटानगर पहुंचने पर ट्रैक मेंटेनरों ने उन्हें बुके देकर स्वागत किया। इस दौरान ट्रैक मेंटेनरों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से राष्ट्रीय अध्यक्ष को अवगत कराया।
चांद मोहम्मद ने कहा कि चक्रधरपुर मंडल के अंतर्गत कार्यरत कई ट्रैक मेंटेनरों को अब तक मकान किराया भत्ता नहीं मिल रहा है, जिससे उन्हें हर महीने आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में यूनियन की ओर से कई बार रेल प्रशासन को लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर ट्रैक मेंटेनरों के लिए रेलवे आवास उपलब्ध नहीं हैं, वहां कार्यरत कर्मचारियों को तत्काल मकान किराया भत्ता दिया जाना चाहिए। वहीं जिन स्थानों पर रेलवे आवास हैं, वहां भी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। कई आवास जर्जर स्थिति में हैं तथा वहां शुद्ध पेयजल और बिजली जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं।
चांद मोहम्मद ने बताया कि चंपाझरन, पतासाही, गगनपोश और बंदूकडेरा सेक्शन में कर्मचारियों के लिए न तो रहने योग्य रेलवे क्वार्टर हैं और न ही बिजली, पानी सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इन क्षेत्रों में कार्यरत ट्रैक मेंटेनरों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ऑल इंडिया रेलवे ट्रैक मेंटेनर यूनियन ने रेल प्रशासन से मांग की है कि जिन स्थानों पर कर्मचारियों के लिए आवास उपलब्ध नहीं हैं या जहां आवास रहने योग्य नहीं हैं, वहां कार्यरत ट्रैक मेंटेनरों को जल्द से जल्द मकान किराया भत्ता का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।