कोरबा, 27 जुलाई (हि. स.)। कटघोरा विकासखंड के छुरीकला स्थित शासकीय एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में अव्यवस्थाओं से परेशान छात्रों और उनके अभिभावकों का गुस्सा सोमवार को खुलकर सामने आ गया। शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम के समापन के बाद जब कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल और जिला पंचायत अध्यक्ष विद्यालय से लौट रहे थे, तभी बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने उनकी गाड़ी घेर ली और विद्यालय में व्याप्त गंभीर समस्याओं की जानकारी दी।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अहमद खान पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें तत्काल पद से हटाने की मांग की। छात्रों का कहना था कि लंबे समय से लगातार शिकायतों के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है, जिससे उन्हें मजबूर होकर जनप्रतिनिधियों के सामने विरोध दर्ज कराना पड़ा।
छात्रों ने आरोप लगाया कि हॉस्टल में बेहद घटिया और अस्वच्छ भोजन परोसा जा रहा है। उनका कहना है कि बरसात का दूषित पानी भोजन बनाने में इस्तेमाल किया जा रहा है और कई बार खाने में कीड़े भी मिल चुके हैं। इसके अलावा नहाने और दैनिक उपयोग के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा, जिससे विद्यार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विद्यार्थियों ने यह भी बताया कि गंदगी और साफ-सफाई के अभाव में कई छात्र खाज-खुजली जैसी त्वचा संबंधी बीमारियों से पीड़ित हो गए हैं, लेकिन समय पर उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जा रही। आरोप है कि बीमार छात्रों को एक्सपायरी डेट की दवाइयां दी जा रही हैं। छात्रों ने जनप्रतिनिधियों के सामने कथित तौर पर एक्सपायरी डेट वाले दूध के पैकेट और अन्य खाद्य सामग्री भी दिखाई, जिन पर अंकित तारीखें मिटाई गई थीं।
अभिभावकों ने भी विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि प्राचार्य का व्यवहार अभिभावकों के प्रति उचित नहीं है। पैरेंट्स मीटिंग के लिए सभी 240 विद्यार्थियों के अभिभावकों को एक साथ बुलाने के बजाय अलग-अलग समय पर बुलाया जाता है, जिससे दूर-दराज से आने वाले अभिभावकों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ती है। साथ ही छात्रों को बाहर से जरूरी सामान लाने पर भी पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है, जिससे उनकी रोजमर्रा की आवश्यकताएं प्रभावित हो रही हैं।
प्रदर्शन के दौरान अभिभावकों ने हाल ही में विद्यालय में शिक्षकों के बीच हुई मारपीट का मामला भी उठाया। उनका कहना था कि इस घटना में कुछ छात्र भी चोटिल हुए थे, लेकिन इस मामले में भी उचित कार्रवाई नहीं की गई। इस संबंध में भी विधायक को जानकारी देकर हस्तक्षेप की मांग की गई।
छात्रों और अभिभावकों की शिकायतें सुनने के बाद कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने मौके पर मौजूद सहायक आयुक्त (एसी) को तत्काल मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। विधायक ने छात्रों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाएगा और यदि जांच में प्राचार्य डॉ. अहमद खान की लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में छात्रों का यह विरोध प्रदर्शन स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। अब सभी की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं कि छात्रों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कितनी तेजी से होती है और उन्हें उनकी समस्याओं से कब तक राहत मिलती है।