सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज चरखारी की छात्रा सौम्या का नीट में चयन, विद्यालय में हुआ सम्मान - सरस जनवाद

सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज चरखारी की छात्रा सौम्या का नीट में चयन, विद्यालय में हुआ सम्मान

Share

महोबा, 20 जुलाई । उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद के चरखारी कस्बा स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज चरखारी की मेधावी छात्रा सौम्या द्वारा नीट की परीक्षा में सफलता अर्जित करने पर विद्यालय में सोमवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।विद्यालय परिवार ने छात्रा का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं। छात्रा ने स्कूल की छात्र छात्राओं को सफलता का अनुभव साझा किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य नवीन कुमार अवस्थी ने कहा कि विद्यालय की प्रतिभावान छात्रा की यह सफलता पूरे विद्यालय एवं क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं से सौम्या त्रिवेदी की लगन, अनुशासन एवं अथक परिश्रम से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें प्राप्त करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। वरिष्ठ आचार्य जयकरण मिश्र ने छात्रा को बधाई देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अध्ययन से प्रत्येक लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने सौम्या त्रिवेदी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

सम्मानित छात्रा सौम्या त्रिवेदी ने अपनी सफलता का अनुभव सभी के साथ साझा करते हुए बताया कि नियमित अध्ययन, समय का सदुपयोग, शिक्षकों का मार्गदर्शन तथा माता-पिता के सहयोग से उन्हें यह सफलता प्राप्त हुई।