सारण, 27 जुलाई । सामाजिक चेतना और पर्यावरण संरक्षण की एक अनूठी मिसाल शिव बाजार छपरा में देखने को मिली। छपरा नगर निगम की उपमहापौर रागिनी कुमारी एवं शिक्षक व सामाजिक कार्यकर्ता धर्मनाथ कुमार उर्फ पिंटू की माता स्वर्गीय बच्ची देवी के मरणोपरांत नेत्रदान से दो दृष्टिहीन व्यक्तियों के जीवन को नई रोशनी मिली है। गत 09 जुलाई को उनके निधन के पश्चात परिजनों ने उनकी अंतिम इच्छा का सम्मान करते हुए नेत्रदान का निर्णय लिया।
श्रद्धांजलि व पुष्पांजलि सभा के अवसर पर उपमहापौर रागिनी कुमारी के द्वारा सभी आगंतुकों को हरियाली के प्रतीक पौधे भेंटकर आभार व्यक्त किया गया।
उपमहापौर ने मानसून सीजन में अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की, ताकि पर्यावरण का संरक्षण हो और संतुलन बना रहे।
इस अवसर पर दधीचि देहदान समिति बिहार के महासचिव पद्मश्री विमल जैन, पूर्व विधायक डॉ. सी. एन. गुप्ता, प्रशासनिक अधिकारी एवं अन्य लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित की।