रायपुर, 19 जुलाई । दिल्ली के जंतर-मंतर से सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को हटाए जाने के बाद छत्तीसगढ़ के रायपुर में रविवार को युवाओं ने उनके समर्थन और पेपर लीक मुद्दे पर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में युवाओं ने अंबेडकर चौक पर बारिश में भीगते हुए तख्तियां और पोस्टर के साथ नारेबाजी की। इस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र से इस्तीफे की भी मांग की गई।
प्रदर्शन में शामिल हुए युवाओं का कहना है कि बार-बार पेपर लीक से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। केंद्र सरकार से परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की जाए। साथ ही नीट पेपर लीक में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई। वहीं भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में निष्पक्षता सुनिश्चित करने को लेकर आवाज बुलंद की गई।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पेपर लीक के मामलों में अनियमितताओं की नैतिक जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। हाल में सोनम वांगचुक भी प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर भूख हड़ताल कर रहे थे। सरकार को छात्रों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी और स्थायी कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी परीक्षा की विश्वसनीयता पर सवाल न उठे। प्रदर्शनस्थल पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। हालांकि पूरे कार्यक्रम में स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण रही और किसी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई।