कोंड़ागांव सरस्वती शिशु मंदिर में विधिक जागरूकता शिविर का हुआ आयोजन - सरस जनवाद

कोंड़ागांव सरस्वती शिशु मंदिर में विधिक जागरूकता शिविर का हुआ आयोजन

Share

कोंड़ागांव , 28 जुलाई । प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोंड़ागांव खिलावन राम रिगरी के मार्गदर्शन तथा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गायत्री साय के नेतृत्व में सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोंड़ागांव में आज मंगलवार काे विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को कानून के प्रति जागरूक करते हुए उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी देना, संवैधानिक मूल्यों के प्रति आस्था विकसित करना तथा उन्हें सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिधारक अधिवक्ता सुरेन्द्र भट्ट एवं अधिकार मित्र रंजन बैध ने छात्र-छात्राओं को संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकार एवं कर्तव्यों, बाल अधिकार, पॉक्सो अधिनियम, साइबर अपराध एवं साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल संरक्षण से जुड़े कानून तथा नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी।

वक्ताओं ने कहा कि, प्रत्येक नागरिक के लिए कानून की सामान्य जानकारी होना आवश्यक है। यदि कोई बच्चा शोषण, हिंसा, साइबर ठगी, बाल अपराध या किसी अन्य अवैध गतिविधि का सामना करता है तो उसे बिना भय के तत्काल अपने अभिभावकों या शिक्षकों को इसकी जानकारी देनी चाहिए। शिविर में विद्यार्थियों को डिजिटल युग में सुरक्षित रहने के उपाय, सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में भी जागरूक किया गया। इसके साथ ही हेल्पलाइन सेवाओं तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित नि:शुल्क विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी भी दी गई।