मंडी, 24 जुलाई । कुल्लू से मंडी जिले के जोगिंद्रनगर उपमंडल में लडभड़ोल के पास स्थित सिमसा माता मंदिर के दर्शन के लिए निकले एक परिवार को क्या पता था कि उनकी आस्था की यात्रा बीच रास्ते ही मातम में बदल जाएगी। मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर मंडी से लगभग 45किलोमीटर दूर गुम्मा से करीब डेढ़ किलोमीटर आगे बाह्मनु नाला के पास पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से कुल्लू के सुल्तानपुर निवासी 49 वर्षीय सोमेश्वरी शर्मा की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई और धार्मिक यात्रा अधूरी रह गई।
जानकारी के अनुसार कुल्लू निवासी गोपाल कृष्ण शर्मा और उनके भांजे संवित शर्मा का परिवार शुक्रवार सुबह दो कारों में सवार होकर लडभड़ोल स्थित माता सिमसा मंदिर में दर्शन के लिए रवाना हुआ था। रास्ते में बाह्मनु नाला के पास प्राकृतिक जलधारा देखकर परिवार के सदस्य वाहन रोककर पानी भरने लगे। इसी दौरान सोमेश्वरी शर्मा हाथ में बोतल लेकर पानी भर रही थीं कि अचानक ऊपर पहाड़ी से एक बड़ा पत्थर आ गिरा और सीधे उन्हें जा लगा। गंभीर रूप से घायल होने के बाद परिजन उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल जोगेंद्रनगर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। श्रद्धा और उत्साह के साथ शुरू हुई यात्रा कुछ ही क्षणों में गहरे शोक में बदल गई।
बताया गया कि परिवार दो कारों एचपी-58ए-9825 और एचपी-34एफ-1521 में सवार था। पहली कार में मृतका सोमेश्वरी शर्मा के अलावा भांजा संवित शर्मा, उनकी पत्नी नीलम, बेटी वर्णिका और भतीजी प्रांजलि सवार थे। दूसरी कार में गोपाल कृष्ण शर्मा, उनके पुत्र अमित शर्मा, भाभी वृंदा शर्मा तथा दो अन्य रिश्तेदार शुभांजलि और दिव्यांजलि मौजूद थे। हादसा शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुआ। मृतका के पति गोपाल कृष्ण शर्मा कुल्लू में निजी बस चालक हैं। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
घटना की सूचना मिलते ही जोगेंद्रनगर उपमंडल प्रशासन की ओर से तहसीलदार रजत सेठी और कार्यालय कानूनगो सतीश भाटिया सिविल अस्पताल पहुंचे। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को 20 हजार रुपए की फौरी राहत प्रदान की तथा उनके सुरक्षित वापसी के लिए आवश्यक प्रबंध भी किए। वहीं जोगेंद्रनगर पुलिस ने पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।