हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड में कोई पेपर लीक नहीं हुआ, भाजपा नेता कर रहे भ्रामक बयानबाजी : डॉ राजेश शर्मा - सरस जनवाद

हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड में कोई पेपर लीक नहीं हुआ, भाजपा नेता कर रहे भ्रामक बयानबाजी : डॉ राजेश शर्मा

Share

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि नीट परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने के मामले को लेकर देशभर में छात्रों और अभिभावकों में भारी रोष है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के हित में आवाज उठाने पर विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों के साथ सख्ती बरती गई। उन्होंने यह बात वीरवार को पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए कही।

डॉ. शर्मा ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के प्रश्नपत्र लीक होने संबंधी दिए गए बयान तथ्यहीन हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल में किसी भी बोर्ड परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक नहीं हुआ है। ऐसे में भाजपा नेताओं को जनता के बीच भ्रामक जानकारी फैलाने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए शिक्षा जैसी संवेदनशील व्यवस्था को विवादों में नहीं घसीटना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के समय में हमीरपुर चयन बोर्ड से जुड़े कुछ मामलों में अनियमितताओं के आरोप सामने आए थे, लेकिन मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार ने बोर्ड को भंग कर नई व्यवस्था के साथ सुचारू रूप से संचालित किया। उन्होंने नीट प्रश्न पत्र लीक मामले में मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही शिक्षा मंत्री से नैतिक आधार पर इस्तीफा देने की भी मांग की।

डॉ. शर्मा ने बाहरी राज्य में ओपन स्कूल के फर्जी सर्टिफिकेट मामले में स्पष्ट किया कि वर्ष 2017 से 2019 के दौरान ओपन स्कूल ने प्रदेश स्कूल से मान्यता ली थी, लेकिन वर्तमान में उनका बोर्ड के किसी भी प्रशासनिक या शैक्षणिक विषय से कोई संबंध नहीं है।