जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में छात्रों का सत्याग्रह आंदोलन तीसरे दिन सोमवार को भी जारी रहा।
इस दौरान छात्र नेताओं ने आंदोलन के अगले चरण की घोषणा करते हुए आगामी 29 जुलाई 2026 को पदयात्रा और छह अगस्त 2026 को झारखंड विधानसभा घेराव करने का ऐलान किया। इसके साथ ही छात्र विवादित परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराने और उन्हें रद्द करने की मांग कर रहे हैं।
मौके पर झारखंड लोक क्रांतिकारी मोर्चा के उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि 29 जुलाई 2026 को जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक पदयात्रा निकाली जाएगी। वहीं मानसून सत्र के पहले दिन छह अगस्त 2026 को विधानसभा का घेराव कर सरकार से जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं की सीबीआई जांच और विवादित परीक्षाओं को रद्द करने की मांग की जाएगी।
वहीं मौके पर छात्र नेताओं ने दावा किया कि परीक्षा विवाद मामले में अब तक 10 आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। जांच एजेंसियों को कई महत्वपूर्ण तथ्य मिले हैं। उनका कहना है कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलता और सरकार उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।
मौके पर विशाल कुमार गौरव, शिल्पी कुमारी, राकेश कुमार, सविता कुमारी, सूर्य प्रकाश कुमार, राजकुमार कश्यप, ममता कुमारी सहित कई छात्र और अभिभावक मौजूद थे।