धनबाद, 20 जुलाई । धनबाद क्रिकेट एसोसिएशन यानी डीसीए की कार्यकारिणी समिति से एक सदस्य संतोष कुमार सिंह को हटाए जाने का मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है। संतोष ने इस कार्रवाई पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे एकतरफा और नियमों के विपरीत बताया है। उनका कहना है कि उन्हें बिना किसी पूर्व सूचना, बिना सहमति और बिना त्यागपत्र दिए ही कार्यकारिणी सदस्य पद से हटा दिया गया, जबकि उनका निर्वाचन वर्ष 2024 से 2027 के कार्यकाल के लिए विधिवत चुनाव प्रक्रिया के तहत हुआ था।
20 जुलाई को समाचार पत्रों के माध्यम से जानकारी मिलने के बाद सदस्य संतोष कुमार सिंह ने सोमवार को अपना पक्ष सार्वजनिक किया। उन्होंने कहा कि वे लगातार पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्यकारिणी सदस्य के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे थे। उनका दावा है कि उनका चुनाव तत्कालीन सहायक निर्वाचन पदाधिकारी और निर्वाचन पदाधिकारी की देखरेख में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत संपन्न हुआ था।
उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें पद से हटाने से पहले न तो कोई औपचारिक सूचना दी गई और न ही उनसे कोई स्पष्टीकरण मांगा गया। साथ ही उनके आचरण पर लगाए गए सभी आरोपों को उन्होंने निराधार, तथ्यहीन और असत्य बताया।
संतोष ने धनबाद क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष से संस्था के संविधान, गरिमा और लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि डीसीए को क्रिकेट के विकास के लिए समर्पित संस्था के रूप में ही कार्य करना चाहिए और इसे राजनीतिक अखाड़ा बनने से बचाया जाना चाहिए।
उन्होंने उम्मीद जताई कि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से समीक्षा होगी तथा सच्चाई सभी के सामने आएगी।