पलामू, 28 जुलाई । जिले के पीपरा थाना क्षेत्र के मधुबाना गांव में हुए हत्याकांड का त्वरित खुलासा करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई को मधुबाना स्थित वीर कुंवर स्थान के समीप प्रभुनाथ रजवार (50) की धारदार हथियार (बलुआ) से हत्या कर दी गई थी। गिरफ्तार आरोपित को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पीपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी और घायल को पहले अनुमंडलीय अस्पताल छतरपुर और बाद में बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई श्याम लाल रजवार के फर्दबयान के आधार पर पीपरा थाना में मामला दर्ज कर छापामारी अभियान चलाया गया।
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (छतरपुर) प्रशांत कुमार के नेतृत्व में छापेमारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित रमेश सिंह (55), को पड़वा मोड़ से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगा बलुआ भी बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपित ने बताया कि पिछले दुर्गा पूजा के दौरान हुए विवाद और गाली-गलौज को लेकर उसके मन में रंजिश थी, जिसके कारण उसने इस घटना को अंजाम दिया।
छापेमारी दल में पीपरा थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा, महिला थाना छतरपुर की थाना प्रभारी रूपा बावला, रंजीत कुजूर मुरांडी, ललन दास, कुमार नीरज, जितेंद्र उरांव, बड़ी राम, जीवियर मिंज और जैप-08 के सशस्त्र बल शामिल थे।