गुरुग्राम, 23 जुलाई । हरियाणा-उत्तर प्रदेश सीमा पर सक्रिय नीरज फरीदपुर गैंग के एक बड़े असला सप्लायर को एसटीएफ हरियाणा ने गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। एक आरोपी सोनू उर्फ प्रमोद निवासी बजौता अलीगढ़ है, जो अलीगढ़ का कुख्यात असला सप्लायर है। उसे 18 जुलाई 2026 को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने गुरुवार को बताया कि रिमांड के दौरान उससे बड़ी रिकवरी हुई है।
जांच में सामने आया कि सोनू उर्फ प्रमोद नीरज फरीदपुर गैंग का सक्रिय सदस्य है और गैंग के लिए असला सप्लाई का काम करता था। आरोपी के खिलाफ हरियाणा और उत्तर प्रदेश में हत्या, हत्या का प्रयास, फिरौती, धमकी और आम्र्स एक्ट के तहत कुल 17 मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय होडल से पहले दो दिन और फिर तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला। रिमांड अवधि के दौरान पहली रिकवरी 19 जुलाई 2026 को हुई। आरोपी ने एक विदेशी ग्लाक पिस्टल, एक अवैध रिवाल्वर और कुल 226 राउंड बरामद कराए। बरामद राउंड में 315 बोर, 12 बोर और 32 बोर के कारतूस शामिल हैं। दूसरी रिकवरी 22 जुलाई 2026 को रिमांड के दौरान आरोपी ने एक विदेशी चाइना पिस्टल, एक पिस्टल 32 बोर, चार राउंड और एक डबल बैरल 12 बोर बंदूक बरामद कराई। आरोपी से कुल रिकवरी दो विदेशी पिस्टल, ग्लाक, एक पिस्टल 32 बोर, एक रिवाल्वर, एक डबल बैरल 12 बोर बंदूक, कुल 230 राउंड, 0.32 बोर, 12 बोर, 315 बोर, 30 बोर, ग्लाक, नौ एमएम राउंड बरामद हुए। आरोपी थाना काकोड जिला बुलंदशहर में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक बुलंदशहर की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम रखा गया था। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ में गैंग के अन्य सदस्यों और असला तस्करी के नेटवर्क के बारे में अहम जानकारी मिली है। आरोपी के खिलाफ अलीगढ़, बुलंदशहर, पलवल और नूंह में केस दर्ज हैं।