पैसों के विवाद में बड़े भाई ने की छोटे भाई की हत्या - सरस जनवाद

पैसों के विवाद में बड़े भाई ने की छोटे भाई की हत्या

Share

बाड़मेर, 03 जुलाई । जिले के शिव थाना क्षेत्र के पुषड़ गांव में पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई की क्रिकेट बैट से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना गुरुवार शाम की है। पुलिस ने आरोपी बड़े भाई को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतक सुरेश (25) पुत्र तोगाराम खेती करता था। वह गुरुवार शाम रुपए के लेन-देन का हिसाब करने अपने बड़े भाई जेठाराम के घर पहुंचा था। बातचीत के दौरान दोनों भाइयों के बीच विवाद बढ़ गया। इसी दौरान गुस्से में आकर जेठाराम ने घर में रखा क्रिकेट बैट उठाकर सुरेश के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से सुरेश की मौके पर ही मौत हो गई।

शिव थानाधिकारी मनोहर विश्नोई ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल तथा एमओबी टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। आरोपी जेठाराम को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार दोनों भाई खेती का काम करते थे और पिछले करीब तीन वर्षों से अलग-अलग रह रहे थे। जेठाराम गांव के बाहर स्थित ढाणी में अपने पिता और परिवार के साथ रहता था, जबकि सुरेश गांव में रहता था। दोनों के घरों के बीच लगभग पांच किलोमीटर की दूरी है।

घटना के समय पिता तोगाराम और जेठाराम की पत्नी घर पर मौजूद थे। दोनों ने भाइयों के बीच विवाद शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन गुस्से में आए जेठाराम ने हमला कर दिया।

शुक्रवार को मृतक के पिता तोगाराम की रिपोर्ट पर पुलिस ने जेठाराम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस पैसों के लेन-देन से जुड़े विवाद और घटना के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।