अमृतसर में ड्रग्स-हथियार तस्करों पर कार्रवाई, 2 गिरफ्तार, 6 पिस्तौल बरामद
– तस्करी मॉड्यूल के गुर्गों से एक किलो हेरोइन, 10 हजार ड्रग मनी बरामद
चंडीगढ़, 23 जुलाई । अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से चल रहे अवैध हथियार एवं नशा तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है।ड्रग्स-हथियार के तस्करी मॉड्यूल के दो गुर्गों के पास से छह आधुनिक पिस्तौल, एक किलो हेरोइन, एक किलो अफीम और 10 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने गुरुवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान जोगा सिंह (45) निवासी गांव डल्ल, तरन तारन और मनप्रीत सिंह (28) निवासी गांव काली, तरन तारन के रूप में हुई है। बरामद की गई पिस्तौलों में दो .30 बोर एक्स-शॉट, दो .30 (चीनी), एक .30 बोर तुर्की जिगाना और एक .30 बोर पीएक्स5 स्टोर्म शामिल हैं। पुलिस टीमों ने उनकी मोटरसाइकिल जिसका उपयोग तस्करी के लिए किया जाता था, भी जब्त कर लिया है। डीजीपी ने बताया कि दोनों गुर्गे एक विदेशी हैंडलर के सीधे संपर्क में थे। उन्होंने बताया कि विदेशी हैंडलरों से जुड़े सभी साथियों की पहचान करने और इस नेटवर्क के आगे-पीछे के संबंध स्थापित करने के लिए आगे की जांच जारी है।
पुलिस आयुक्त (सीपी) अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि विश्वसनीय खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने पहले जोगा सिंह को चार अवैध .30 बोर पिस्तौलों सहित गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि लगातार पूछताछ के दौरान पुलिस ने उसके खुलासे के आधार पर दो और .30 बोर पिस्तौलें बरामद कीं। अगले ऑपरेशन के दौरान सीपी पुलिस की टीमों ने आरोपी मनप्रीत सिंह को 1 किलो हेरोइन सहित गिरफ्तार किया और उसके खुलासे के आधार पर बाद में 1 किलो अफीम और 10,000 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान सामने आया है कि जोगा सिंह एक अवैध हथियार आपूर्ति नेटवर्क चला रहा था, जबकि मनप्रीत सिंह साझे विदेशी हैंडलर के इशारे पर सीमा पार से नशा तस्करी मॉड्यूल चला रहा था। जोगा सिंह आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ तरन तारन, अमृतसर ग्रामीण, कपूरथला और लुधियाना ग्रामीण में पहले से ही हत्या, शस्त्र अधिनियम, एनडीपीएस अधिनियम, चोरी, डकैती और लूट से संबंधित 21 आपराधिक मामले दर्ज हैं।