नूंह, 27 जुलाई । नूंह में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक सोमवार को उस समय गरमा गई, जब कांग्रेस विधायक मामन खान और भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक नसीम अहमद के बीच तीखी बहस हो गई। बैठक की अध्यक्षता हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल कर रहे थे।
विवाद की शुरुआत गांव रीगढ़ की पेयजल आपूर्ति से संबंधित शिकायत पर चर्चा के दौरान हुई। शिकायत में ग्रामीणों ने दूषित पेयजल की समस्या उठाई थी। इसी मुद्दे पर चर्चा के दौरान कांग्रेस विधायक मामन खान और पूर्व विधायक नसीम अहमद के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए। देखते ही देखते दोनों नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक हो गई, जिससे बैठक का माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया।
स्थिति को बिगड़ता देख बैठक की अध्यक्षता कर रहे मंत्री विपुल गोयल ने तत्काल हस्तक्षेप किया। उनके साथ पूर्व परिवहन मंत्री एवं नूंह से कांग्रेस विधायक चौधरी आफ़ताब अहमद ने भी दोनों नेताओं को शांत रहने की अपील की। दोनों वरिष्ठ नेताओं के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ और बैठक की कार्यवाही दोबारा सामान्य रूप से शुरू की गई।
बताया गया कि गांव रीगढ़ में दूषित पेयजल की समस्या को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों से जवाब-तलब किया गया तथा समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए। बैठक का उद्देश्य आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान करना है, लेकिन इस दौरान दो प्रमुख राजनीतिक नेताओं के बीच हुई तकरार चर्चा का विषय बन गई। हालांकि, समय रहते हस्तक्षेप होने से बैठक बिना किसी बड़े व्यवधान के आगे बढ़ सकी।