वित्तीय साक्षरता और व्यवसाय प्रबंधन से सशक्त होंगी मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की लाभुक - सरस जनवाद

वित्तीय साक्षरता और व्यवसाय प्रबंधन से सशक्त होंगी मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की लाभुक

Share

सहरसा, 23 जुलाई ।मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत लाभुकों को द्वितीय एवं उससे ऊपर की किस्त की राशि का लाभ प्रभावी ढंग से दिलाने तथा उनके व्यवसाय को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सहरसा जिले के शिक्षण प्रशिक्षण केंद्र, सुलिंदाबाद में एक दिवसीय प्रशिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जीविका के जिला स्तर के सभी प्रबंधक, प्रखंड स्तर के सभी प्रखंड परियोजना प्रबंधक एवं संबंधित कर्मियों ने भाग लिया । प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य मास्टर ट्रेनरों को तैयार करना था, ताकि वे आगे प्रखंड एवं ग्राम स्तर पर लाभुकों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान कर सकें ।प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को वित्तीय साक्षरता, व्यवसाय योजना निर्माण, ऋण राशि के प्रभावी उपयोग, व्यवसाय संचालन, आय वृद्धि के उपाय तथा उद्यम प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई ।

विशेषज्ञों द्वारा यह बताया गया कि योजनाओं से प्राप्त वित्तीय सहायता का उचित उपयोग कर लाभुक अपने व्यवसाय को अधिक लाभकारी बना सकते हैं तथा स्थायी आय का स्रोत विकसित कर सकते हैं ।

इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक श्लोक कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है । उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से लाभुकों को व्यवसाय संचालन एवं वित्तीय प्रबंधन की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जाएगा । उन्होंने सभी मास्टर ट्रेनरों से अपेक्षा की कि वे प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को जमीनी स्तर तक पहुँचाने में सक्रिय भूमिका निभाएँ ।

प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले मास्टर ट्रेनर आगामी दिनों में प्रखंड स्तर के कैडरों को प्रशिक्षित करेंगे । इसके बाद कैडर ग्राम संगठन स्तर पर मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के लगभग चार लाख लाभुकों को वित्तीय साक्षरता एवं व्यवसाय प्रबंधन का प्रशिक्षण देंगे । इससे लाभुक अपने उद्यमों का बेहतर संचालन कर सकेंगे, आय में वृद्धि होगी तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी ।कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने योजना के सफल क्रियान्वयन एवं लाभुकों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की ।