पटना, 28 जुलाई । बिहार के भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित विश्वप्रसिद्ध बाबा अजगैवीनाथ धाम से ‘श्रावणी मेला 2026’ का भव्य और आध्यात्मिक शुभारंभ मंगलवार काे मुख्यमंत्री सम्राट चाैधरी ने किया। मेले का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने फीता काटकर और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि श्रावणी मेला केवल बिहार का ही नहीं, बल्कि संपूर्ण देश और दुनिया की अटूट आस्था का महापर्व है। उन्होंने घोषणा की कि सुल्तानगंज के उत्तरवाहिनी गंगा क्षेत्र को उत्तराखंड के हरिद्वार की तर्ज पर एक भव्य और आधुनिक धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके तहत गंगा नदी के किनारे मजबूत तटबंध, सर्वसुविधायुक्त सड़कें और पर्यटक सुविधाओं का व्यापक विस्तार किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को एक सुखद और विश्वस्तरीय अनुभव मिल सके।
मुख्यमंत्री ने अन्य आधारभूत परियोजनाओं पर बात करते हुए ऐलान किया कि बहुप्रतीक्षित अगुवानी-सुल्तानगंज गंगा पुल का निर्माण कार्य 31 दिसंबर 2027 से पहले हर हाल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अतिरिक्त अजगैवीनाथ धाम से अगुवानी घाट तक रोपवे निर्माण और स्थानीय एयरपोर्ट के विकास पर भी सरकार तेजी से काम करेगी। तकनीक और धार्मिक पर्यटन के इस समावेश के साथ ही बाबा अजगैवीनाथ धाम में कांवड़ियों का उत्साह चरम पर है और पूरा क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गुंजायमान है।
उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण और बड़ी सौगातों की घोषणा की। इस अवसर पर ‘श्रावणी मेला 2026’ मोबाइल ऐप का भी लोकार्पण किया गया, जिसके माध्यम से अब दुनियाभर के शिवभक्त घर बैठे बाबा अजगैवीनाथ के लाइव दर्शन कर सकेंगे।
श्रद्धालुओं को अत्याधुनिक सुविधाएं मुहैया कराने के उद्देश्य से भागलपुर जिला प्रशासन और भागलपुर ट्रिपल आईटी (IIIT) के संयुक्त प्रयास से इस विशेष मोबाइल ऐप को विकसित किया गया है। भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने बताया कि इस ऐप पर श्रद्धालुओं को मेले से जुड़ी तमाम जानकारियां, रूट चार्ट, स्वास्थ्य केंद्र, पेयजल और सुरक्षा संबंधी सुविधाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी, जो कांवड़िए या श्रद्धालु किसी कारणवश सुल्तानगंज नहीं पहुंच पा रहे हैं, वे इस ऐप के जरिए उत्तरवाहिनी गंगा और बाबा अजगैवीनाथ मंदिर की पूजा-अर्चना का सीधा प्रसारण (लाइव स्ट्रीमिंग) देख सकेंगे।
समाराेह में भागलपुर सांसद अजय कुमार मंडल और बांका सांसद गिरधारी प्रसाद यादव ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए इन विकास मांगों का समर्थन किया और जनहित में इन्हें जल्द से जल्द पूरा करने का आग्रह किया।