मुरादाबाद, 22 जून । उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में रजिस्ट्री कार्यालय में ई-पंजीकरण और रजिस्ट्री व्यवस्था प्राइवेट कंपनी को ठेके में देने, मानकीकृत मूल्य सूची, किरायनामे/पट्टे विलेखों को ऑनलाइन डिजिटल स्टांपिंग के माध्यम से करने के विरोध में अधिवक्ताओं, दस्तावेज लेखकों , स्टांप वेंडर्सों, टाइपिस्टों का लगातार आठवें दिन सोमवार को भी धरना प्रदर्शन जारी रहा और रजिस्ट्री से संबंधित कार्य प्रभावित रहे। धरने के बाद सभी ने शाम पांच बजे मुरादाबाद नगर विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक रितेश गुप्ता के आवास पर पहुंचकर उन्हें अपना ज्ञापन सौंपा।
दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी मुरादाबाद की अगुवाई में चल रहे आंदोलन में अधिवक्ताओं, दस्तावेज लेखकों, स्टांप वेंडर और टाइपिस्टों ने प्रदर्शन के दौरान ई-पंजीकरण और रजिस्ट्री व्यवस्था प्राइवेट कंपनी को ठेके में देने को काला कानून बताया।
दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के महासचिव कपिल गुप्ता ने पदाधिकारियों के साथ विधायक को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर मोहम्मद इस्लाम उर्फ बाबू, मलिक अंसारी, आजम, अंजार हुसैन, अजय बंसल, आवरण अग्रवाल, आशीष उपाध्याय, रमा पांडेय, जितेंद्र प्रताप सिंह उर्फ जेपी., पंकज शर्मा, अशोक सक्सेना, अभिषेक भटनागर, विश्वास गुंबर, अभिनव भट्ट, अजय पाल, राघव गुप्ता, फिरोज आलम, सुनील कुमार सक्सेना, दीपिका वर्मा आदि मौजूद रहे।
———–