कार और बोलेरो कैंपर की टक्कर में एक की मौत

Share

शिमला, 13 जून । राजधानी शिमला के बालूगंज थाना अंतर्गत शोघी के पास हुए दो वाहनों की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दुर्घटना में पांच लोग भी घायल हुए हैं। मृतक की पहचान राकेश कुमार के रूप में हुई है।

सिरमौर जिले के रेणुका जी (ददाहू) क्षेत्र के गांव कड़ोहरीयाश निवासी दिनेश कुमार ने शिकायत में बताया कि वह 11 जून की सुबह करीब 11:30 बजे बोलेरो कैंपर (एचपी66-7246) में कर्मचारियों को लेकर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही ऑल्टो 800 कार (एचपी63सी-5507) उनकी गाड़ी से टकरा गई।

शिकायतकर्ता के अनुसार ऑल्टो कार तेज रफ्तार में थी। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में सवार लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शोघी ले जाया गया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने ऑल्टो कार के चालक राकेश कुमार को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि घायलों की हालत खतरे से बाहर है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत केस दर्ज किया गया है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।